Kohramlive : लौहनगरी जमशेदपुर के टाटा स्टील UISL (अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋतुराज सिन्हा का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। लगभग 58 साल के ऋतुराज सिन्हा अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उनके आवास से तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोपहर में उन्हें मृत घोषित कर दिया। टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि मीडिया से की है। उनका अंतिम संस्कार 9 दिसंबर को बिस्टुपुर पार्वती घाट पर किया जायेगा। नवंबर 2022 में टाटा स्टील UISL के MD बने ऋतुराज सिन्हा अपने शांत स्वभाव, सरलता, मिलनसार व्यक्तित्व और टीमवर्क व पारदर्शिता के लिये जाने जाते थे। सहकर्मियों का कहना है कि उनके नेतृत्व ने विभागों में नई ऊर्जा लाई और संगठन की कार्यसंस्कृति को सकारात्मक रूप से बदला।
उनके निधन की जानकारी मिलते ही टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, टाटा वर्कर्स यूनियन, टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन
के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में TMH पहुंचे। सभी ने इसे उद्योग जगत और शहर, दोनों के लिये बड़ी क्षति बताया। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शोक जताते हुये कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में सिन्हा का योगदान “अप्रतिम” था और उनका जाना शहर के लिये अपूरणीय नुकसान है। उनका अचानक जाना पूरे टाटा समुदाय और शहर के लिए दुखद है।
जमशेदपुर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान
शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने में उनका योगदान सराहनीय रहा। उनके कार्यकाल में नागरिक सुविधाओं का उन्नयन, कचरा प्रबंधन, पानी-निकासी व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, शहरी योजनाओं के कार्यान्वयन जैसी कई अहम परियोजनाओं में तेजी आई। शहर के सतत विकास को लेकर उनकी दूरदृष्टि हर परियोजना में दिखाई देती थी।






