Ranchi(Akhilesh Kumar) : सोमवार की रात नामकुम हाईटेंशन मैदान के पास स्थित पावरग्रिड में ऐसा मंजर दिखा जैसे किसी सस्पेंस फिल्म का सीन चल रहा हो। रात करीब साढ़े दस बजे, लगभग दो दर्जन नकाबपोश अपराधी बिजली ग्रिड के भीतर घुस आए, हथियारों से लैस, आंखों में हैवानियत और इरादों में लूट की आग। गार्ड और कर्मचारी जैसे ही कुछ समझ पाते, बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी देकर बंधक बना लिया। विनय करमाली, कौशलेन्द्र कुमार, अयोध्या और लल्लू ड्यूटी पर तैनात ये चारों कर्मी, दो सुरक्षा गार्डों के साथ, एक कमरे में कैद कर दिए गए। मोबाइल फोन छीन लिए गए और धमकी दी गई कि जुबान खोली तो अंजाम बुरा होगा।
रात गहराती रही, और उसी अंधेरे में अपराधी ग्रिड के स्टोर रूम का ताला तोड़, कॉपर स्ट्रिप्स, फ्लेक्सिबल बैंड, बुशिंग कनेक्टर, हाई लेवल आइसोलेटर जैसे कीमती उपकरण ले उड़े। अनुमान है कि चोरी गया सामान करीब 15 लाख रुपये का है। रात करीब डेढ़ बजे दरवाजा खोला गया, अपराधियों ने अंतिम चेतावनी दी “अगर किसी को खबर दी, तो जिंदा नहीं बचोगे।” और फिर वे अंधेरे में गुम हो गए। सुबह होते ही पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। जीएम अनिल कुमार भारतीयम, DGM राजीव रंजन और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू हुई।
ग्रिड के कर्मचारियों ने बताया कि सभी हमलावर नशे में धुत थे। कुछ ने हाफ पैंट, चड्डी और गंजी, तो कुछ ने गमछा लपेट रखा था। वे हिन्दी और लोकल भाषा में गाली-गलौज कर रहे थे। उनके पास चाकू, रॉड, डंडे और दो के पास पिस्टल भी थीं। लगता था जैसे अपराधियों का झुंड नहीं, कोई गिरोह था बेकाबू और बेखौफ।
हाफ पैंट, चड्डी, गमछा में आये, लूटकर ले गये 15 लाख का…#ranchi #JharkhandLive #namkum #robbery pic.twitter.com/dzQIE52yRL
— KohramLive (@KohramLive) July 15, 2025












