Garhwa(Nityanand Dubey) : दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे त्योहार हमारे समाज की संस्कृति और भाईचारे की पहचान हैं। इसी को ध्यान में रखते हुये आज गढ़वा समाहरणालय में DC दिनेश यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण शांति समिति बैठक हुई। बैठक में SP अमन कुमार, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, थानेदार और जिले भर से आये शांति समिति सदस्य मौजूद थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखना और आपसी सौहार्द को मजबूत करना था। DC दिनेश यादव ने सभी सदस्यों से उनके क्षेत्रों में तैयारियों की जानकारी ली। अधिकांश सदस्यों ने बताया कि उनके क्षेत्रों में सभी समुदाय मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं और आपसी सौहार्द का माहौल है। DC ने सभी से अपील की कि कोई भी ऐसा कदम न उठायें जिससे प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दी जाये। SP अमन कुमार ने कहा कि जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। पूजा समितियों से आग लगने जैसी घटनाओं से बचने के लिए पानी और बालू की व्यवस्था करने को कहा गया। अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
विशेष दिशा-निर्देश
पूजा पंडाल केवल पहले से तय स्थानों पर स्थापित हों। पुरुष और महिलाओं के लिये अलग एंट्री/एग्जिट द्वार की व्यवस्था। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। नगर परिषद और नगर पंचायत शहर और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, कूड़ेदान और लाइटिंग सुनिश्चित करें। खराब लाइट्स की तुरंत मरम्मत करवाई जाये।विसर्जन स्थलों और पंडालों पर प्राथमिक उपचार और बारिश के मौसम के लिये गोताखोरों की व्यवस्था। सभी पंडालों में CCTV कैमरे लगाने और समिति सदस्यों/स्वयंसेवकों को पहचान आईकार्ड और एक समान टी-शर्ट पहनने का निर्देश दिया गया। मूर्ति विसर्जन रात 10 से 11 बजे तक पूरा किया जायेगा और त्योहार के दौरान बड़ी गाड़ियों के परिचालन पर रोक रहेगी।
सुझाव और आश्वासन
शांति समिति के सदस्यों ने तंग गलियों को अतिक्रमण मुक्त करने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और सड़कों की मरम्मत कराने जैसे सुझाव दिये। DC ने सभी सुझावों पर विचार करने और आम जनता की सुरक्षा व सुविधा के लिये हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।












