Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन के आसपास अचानक हुई कार्रवाई ने दुकानदारों को भी चौकन्ना कर दिया। निरीक्षण टीम ने रांची रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित कुल 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस छापामारी का मकसद साफ यह था कि त्योहार में लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खानपान मिल सके। खाद्य सुरक्षा टीम ने जिन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, उनमें कुलदीप होटल, होटल एम्बेसडर, होटल कृष्ण, लवली डेयरी, अन्नपूर्णा भोजनालय, आर.के. भोजनालय, होटल मानसरोवर, होटल मां डेयरी, तंदूर फूड वैन, एम्बसी फूड प्लाजा, सन्नी रेस्टोरेंट, शिवम खाजा भंडार, कुशवाहा खाजा भंडार, पंजाबी बार एंड रेस्टोरेंट एवं खालसा रेसिडेंसी शामिल हैं।
9 दुकानों पर जुर्माना, बाकी को नोटिस
जांच में जिन दुकानों में स्वच्छता और लाइसेंस संबंधी कमियां मिलीं, उन्हें Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा-69 के तहत जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य प्रतिष्ठानों को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण दल ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिये कि खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन नियमों का पालन करें। वहीं, चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में लापरवाही मिली तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।












