Ramgarh : मां की ममता का कोई मोल नहीं होता। मां का साया सिर से उठ जाये, तो जिंदगी में एक ऐसा खालीपन रह जाता है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। झारखंड के CM हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन को खोने के गम से गुजर रहे हैं। इसी बीच सोमवार को उनके पैतृक आवास नेमरा में कई जनप्रतिनिधि पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनायें व्यक्त कीं। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, विधायक सी.पी. सिंह, विधायक चंद्र देव महतो और बिहार के बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार सर्वजीत ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इनके अलावा पूर्व विधायक डॉ. जीतू चरण राम और पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह भी नेमरा पहुंचे।
दिवंगत रूपी सोरेन को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की और हेमंत सोरेन समेत पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की। मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में दिवंगत रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करने और परिवार से मिलकर संवेदना जताने का सिलसिला जारी है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों की इस मुलाकात ने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति एकजुटता और सम्मान का संदेश दिया।






