Kohramlive : अगर आप भी एटीएम से पैसे निकालते हैं, बैंक में एफडी करवा रखी है या ट्रेन से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। 1 मई से देशभर में कई बड़े वित्तीय और उपभोक्ता नियम बदल गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और सुविधाओं पर पड़ेगा। आइये जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से
ATM से पैसे निकालने पर लगेगा चार्ज
अब मेट्रो शहरों में महीने में सिर्फ 3 बार और गैर-मेट्रो में 5 बार ही मुफ्त में एटीएम से पैसे निकाले जा सकेंगे। इसके बाद हर बार निकासी पर 23 रुपये तक चार्ज देना होगा। इतना ही नहीं, अगर आप एटीएम पर सिर्फ बैलेंस चेक भी करेंगे तो 7 रुपये देने होंगे, जो पहले 6 रुपये थे।
रेलवे में वेटिंग टिकट वालों की हुई ‘स्लीपर क्लास’ से छुट्टी
अब वेटिंग टिकट सिर्फ जनरल कोच के लिए ही मान्य होगा। यानी अगर आपके पास वेटिंग टिकट है तो आप स्लीपर या किसी अन्य रिजर्व कोच में यात्रा नहीं कर पाएंगे। नियम तोड़ने पर टीटीई आपको जनरल कोच में भेज सकता है या फिर जुर्माना भी ठोक सकता है।
देशभर के RRB बैंक होंगे कम, अब सिर्फ 28
सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) को आपस में मिलाने का काम शुरू कर दिया है। 43 बैंकों को घटाकर 28 कर दिया जाएगा। ‘एक राज्य, एक आरआरबी’ की नीति के तहत ये बदलाव 1 मई से लागू हो गया है।
FD पर घटने लगे ब्याज, अब कम कमाई
अगर आपने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) करवा रखी है तो कम ब्याज के लिए तैयार हो जाइए। RBI ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी, और अब बैंकों ने भी एफडी पर ब्याज घटाना शुरू कर दिया है। कई बैंकों ने 1 मई से हाई रेट वाली एफडी स्कीम्स बंद कर दी हैं।
मई में 12 दिन बैंक रहेंगे बंद
मई में बैंकों की कुल 12 दिन छुट्टियां रहेंगी। इसमें दूसरा और चौथा शनिवार और रविवार के अलावा अलग-अलग राज्यों में पड़ने वाले पर्व जैसे बुद्ध पूर्णिमा और महाराणा प्रताप जयंती भी शामिल हैं। कहीं बैंक जाकर खाली हाथ लौटना न पड़े, इसलिए पहले से लिस्ट चेक कर लें।
अमूल ने बढ़ाया दूध का दाम
दूध पीने वालों की जेब पर भी असर पड़ा है। अमूल ने एक मई से दूध के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी का कहना है कि लागत बढ़ने की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। नई कीमतें पूरे देश में लागू हो चुकी हैं।












