Garhwa(Nityananad Dubey) : गढ़वा के गुरदी गांव में पति-पत्नी के झगड़े ने ऐसा रूप लिया कि पूरा गांव ज्वाला-सा भड़क उठा। 27 साल का तकसीर खान और उनकी पत्नी 22 साल की पत्नी रकीबा के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद रविवार को हिंसा की चिंगारी बन गया। रकीबा की पिटाई की खबर सुनकर उसके पिता, भाई और मां गांव पहुंचे। लेकिन यहां बेकाबू भीड़ इंतज़ार कर रही थी। गुस्साये ग्रामीणों ने लड़की पक्ष पर धावा बोल दिया और हालात इतने बिगड़े कि रकीबा व उसके परिजनों को कमरे में छिपना पड़ा।
भीड़ ने पुलिस को भी नहीं बख्शा
जानकारी मिलते ही ASI इस्माइल आज़ाद और उनकी टीम मौके पर पहुंची। लेकिन मदद करने आई पुलिस पर ही भीड़ टूट पड़ी। लाठी-डंडों से हमले हुये, पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। भीड़ रकीबा और उसके परिजनों को बाहर निकालकर जिंदा जलाने पर उतारू थी। ठीक इसी वक्त थाना प्रभारी बृज कुमार अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे और हालात काबू में आये। वरना गांव में एक बड़ी त्रासदी घट जाती। इस बवाल में पुलिसकर्मियों समेत एक दर्जन लोग घायल हुये। सभी को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। गांव और आसपास के इलाकों में तनाव है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर माहौल को काबू में रखा है। दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें : मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फा’यरिंग






