Hazaribagh(Sunil Sahu) : दुर्गापूजा की दशमी पर हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में एक बड़े चोरी कांड से सनसनी फैल गई। ओमे गांव में गुरुवार 2 अक्टूबर की शाम करीब 4 से 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने एक घर में धावा बोलकर डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित कुलदीप सोनी के मुताबिक, वे अपने परिवार के साथ सलगा गांव मेला देखने गये थे। इसी दौरान चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर भीतर घुसकर 1.70 लाख रुपये नकद और ज्वेलरी शॉप से करीब 1.30 करोड़ रुपये के 22 और 18 कैरेट सोने के जेवरात चुरा लिये। इसके अलावा 10 लाख रुपये के पारिवारिक आभूषण भी चोरी हो गये। घटना के बाद अलमीरा और टीवी स्क्रीन पर चोरों के फिंगरप्रिंट साफ दिख रहे हैं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। जानकारी मिलते ही केरेडारी के थानेदार विवेक कुमार और एसआई टिंकू कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मामला कांड संख्या 160/2025 के तहत दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में सघन छानबीन जारी है। इतनी बड़ी चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












