Kohramlive : आसमान में ग्रहों की चाल बदलती है तो ज्योतिष की दुनिया में उसके संकेत भी तलाशे जाते हैं। अब 31 अगस्त को सूर्य मघा नक्षत्र से निकलकर पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं। सूर्य यहां 13 सितंबर 2026 तक रहेंगे। ज्योतिषीय मान्यताओं में सूर्य को आत्मविश्वास, नेतृत्व, मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा का कारक माना गया है। वहीं पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र के स्वामी शुक्र हैं, जिसका संबंध प्रेम, सुख-सुविधाओं, कला, धन और रचनात्मकता से जोड़ा जाता है। ऐसे में सूर्य और शुक्र से जुड़े इन प्रभावों का मेल कुछ राशियों के लिये खास साबित हो सकता है। खासकर चार राशियों के जातकों के लिये यह नक्षत्र परिवर्तन करियर, धन और सम्मान के लिहाज से शुभ संकेत लेकर आ सकता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार चार राशियों के लिये करियर में चमक, जेब में बरकत और समाज में बढ़ते सम्मान का संकेत दे रहा है। लेकिन सितारों के संकेत अपनी जगह हैं और सफलता के लिये कर्म अपनी जगह। इसलिये मिले हुये अवसरों को पहचानना और सही समय पर सही कदम उठाना ही असली कुंजी रहेगी। तो आइये जानते हैं कौन हैं वे चार भाग्यशाली राशियां।
मेष राशिः मेष राशि वालों के लिये सूर्य का पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश लाभकारी रह सकता है। नौकरीपेशा जातकों को प्रमोशन के साथ आय में वृद्धि के अवसर मिल सकते हैं। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ सकता है और परिवार के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा। घर का माहौल भी शांतिपूर्ण रहने की उम्मीद है। लंबे समय से अटके हुए जरूरी काम पूरे होने से मन को राहत मिल सकती है।
सिंह राशिः सिंह राशि सूर्य की अपनी राशि मानी जाती है, इसलिये यह नक्षत्र परिवर्तन आपके लिये खास हो सकता है। अचानक कोई बड़ी उपलब्धि मिलने के योग बन सकते हैं। इस दौरान आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी। आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं और कामकाज में सफलता मिलने से आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ सकती है। किसी ऐसे मौके का दरवाजा खुल सकता है, जिसका इंतजार आपको लंबे समय से था।
तुला राशिः तुला राशि वालों के लिये सूर्य का यह नक्षत्र परिवर्तन कई मोर्चों पर राहत लेकर आ सकता है। पिता के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिल सकता है। कारोबार करने वालों को कोई बड़ी डील मिलने की संभावना है। वहीं लंबे समय से अटका हुआ पैसा वापस मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। नौकरीपेशा जातकों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे महत्वपूर्ण काम आसानी से पूरे हो सकते हैं। पैतृक संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना विवाद भी समाप्त होने की उम्मीद है।
मीन राशिः मीन राशि वालों के लिए सूर्य का यह नक्षत्र परिवर्तन आर्थिक दृष्टि से शुभ रह सकता है। आमदनी बढ़ाने के नये अवसर सामने आ सकते हैं। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को मनचाही नौकरी मिलने की उम्मीद बन सकती है। वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा और रिश्तों में मजबूती आयेगी। हालांकि, इस दौरान यात्रा और घूमने-फिरने पर खर्च बढ़ सकता है। सुख-सुविधाओं से जुड़ी कोई महंगी वस्तु खरीदने की इच्छा भी पूरी हो सकती है।
नोट: यह राशिफल ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है। इसे निश्चित भविष्यवाणी के रूप में नहीं लेना चाहिये।







