Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये ब्राउन शुगर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम कपका में स्कूटी से आकर ब्राउन शुगर की सप्लाई की जाने वाली है। सूचना के आधार पर DSP के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। तलाशी में आरोपी के पास से 7.75 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, OnePlus मोबाइल और बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई।
पकड़े गये आरोपी ने नशा बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से इलाके में ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान छोटे कुमार (22 वर्ष), पिता पप्पू महतो, निवासी ग्राम कपका, थाना बरकट्ठा के रूप में हुई है। पुलिस ने साफ कहा है कि हजारीबाग जिले में नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










