Garhwa(Nityanand Dubey) : “अब डर नहीं, विकास की बात होगी।” इसी बदले माहौल का जिक्र करते हुये भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और झामुमो पर एक के बाद एक तीखे प्रहार किये। रितेश चौबे ने कहा कि विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी का एक साल गढ़वा के लिये उम्मीद की नई सुबह है। जहां पहले लोग सहमे-सुकुचाये दरवाजे बंद कर जीवन काटते थे, आज वहीं खुली हवा में सुकून की सांस ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि तिवारी जनता की नब्ज पहचानते हैं, उनके सुख-दुख में खड़े रहते हैं और विकास के हर मोर्चे पर जनता की आवाज बन चुके हैं। उन्होंने झामुमो सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुये कहा कि “फंड की कमी, विभागों की लापरवाही, हर ओर ठहराव, यह सब झामुमो की उदासीनता का नतीजा है। उन्होंने कटाक्ष किया, गढ़वा के विकास की तो उन्हें परवाह नहीं, बस भाजपा विधायक को बदनाम करने की साजिश में जुटे रहते हैं।
रितेश चौबे ने कहा कि गढ़वा में झामुमो की हार सिर्फ राजनीतिक फैसला नहीं था, यह जनता की आजादी का ऐलान था।उन्होंने कहा कि 2019–2024 के बीच गढ़वा जैसे बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। चौबे ने पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पर
करारा वार करते हुये कहा कि पांच साल जनता डर के साये में रही, दिनदहाड़े जमीनें लूटी गईं। लोग बोलने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाते थे। उनके मुताबिक झामुमो की हार के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया है और अब वे फिर से वही माहौल लौटाना चाहते हैं। रितेश चौबे ने चेतावनी देते हुये कहा कि गढ़वा की जनता अब जाग चुकी है। वह किसी कीमत पर माफिया-राज की वापसी बर्दाश्त नहीं करेगी।










