Ranchi : आजादी के जश्न में शनिवार को राजधानी रांची पूरी तरह तिरंगे के रंग में रंगी नजर आई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची पुलिस कप्तान ने मोरहाबादी मैदान स्थित राजकीय समारोह और समाहरणालय में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। तिरंगे को सलामी देने के साथ ही समारोह में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का जज्बा देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस केंद्र में आयोजित परेड का निरीक्षण किया गया। जवानों की अनुशासनबद्ध कदमताल और वर्दी में नजर आया आत्मविश्वास समारोह की गरिमा बढ़ा रहा था। इसके बाद विधि-व्यवस्था संधारण, कांडों के उद्भेदन और अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मेहनत को मिला सम्मान, हौसला हुआ बुलंद
सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों के लिये यह सिर्फ एक प्रशस्ति पत्र नहीं, बल्कि उनके उस समर्पण की पहचान थी, जो वे रोज कानून-व्यवस्था बनाये रखने और आम लोगों को सुरक्षा देने में लगाते हैं। किसी कांड की गुत्थी सुलझाना हो या चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था संभालना, इन पुलिसकर्मियों की बेहतर कार्यशैली को स्वतंत्रता दिवस के मंच से पहचान मिली।तिरंगा आसमान में लहराता रहा और वर्दी पर सजा सम्मान यह संदेश देता रहा, देश की आजादी की हिफाजत सिर्फ सीमा पर नहीं, बल्कि शहर की गलियों और आम लोगों की सुरक्षा में भी होती है।








