Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में T.S.P.C (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के नाम पर गुंडई करने वालों की पुलिस ने हेकड़ी निकाल दी। जबरन वसूली और दहशत फैलाने वाले लंबे समय से इलाके में आतंक मचा रहे थे, इन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिये पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ा और शाहिद अंसारी, अशोक सिंह एवं मकदस अंसारी को धर-दबोचा। इनके पास एक पिस्तौल, एक खिलौना बंदूक, लूटा गया दो मोबाइल फोन, T.S.P.C का नक्सली पर्चा (जिसमें पंकज जी का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था), तीन चितकबरा टी-शर्ट और नक्सली गमछे एवं घटना में प्रयुक्त TVS राइडर मोटरसाइकिल मिली है। गढ़वा के SP दीपक कुमार पांडेय ने कहा, “कोई भी अपराधी बच नहीं पायेगा। जो भी T.S.P.C के नाम पर गुंडई कर रहा है, उसे बख्शा नहीं जायेगा। आम जनता से अपील है कि वे पुलिस को सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।”
पलामू के बभंडी गांव में रहनेवाले मोहन मुरारी देव गढ़वा के गासेदाग में एक क्रशर प्लांट एवं माइंस की देखरेख करते हैं, बीते 18 मार्च को उन्होंने रंका थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में कहा गया कि 16 मार्च की रात को तीन अज्ञात अपराधियों ने T.S.P.C के एरिया कमांडर के नाम पर कर्मचारियों को धमकाया और लेवी की मांग की। अपराधियों ने मौके से मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गये। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े कई गुर्गे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।











