Kohramlive : दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला टोमिको इटूका नहीं रही। उन्होंने 116 साल की उम्र में आखिरी हिचकी ली। उनका जन्म 23 मई 1908 को ओसाका में हुआ था। ह्योगो प्रान्त की नगर सरकार के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार इटूका का पश्चिम जापान के आशिया शहर के एक नर्सिंग होम में निधन हुआ। इटूका यहीं पर रहती थीं। वहीं क्योडो न्यूज ने जापानी दैनिक द मेनिची की रिपोर्ट का हवाला देते बताया कि वह जिस शहर में रहती थीं, वहां पर वह विशेष नर्सिंग होम में अपने पसंद के लैक्टिक एसिड ड्रिंक का लुत्फ उठाती थीं। वहीं, वह इसके लिये कर्मचारियों को धन्यवाद देती थीं। यहां याद दिला दें कि साल 2023 के दिसम्बर माह में ओसाका प्रांत के काशीवारा में 116 साल की फुसा तात्सुमी की मौत के बाद इटूका जापान की सबसे बुजुर्ग जीवित महिला थीं।
फुसा तात्सुमी का जन्म 25 अप्रैल, 1907 को हुआ था और उन्होंने काशीवारा के एक नर्सिंग होम में अंतिम समय बिताये थे। इससे पहले फुकुओका में 119 साल की महिला की मौत के बाद अप्रैल 2022 में तात्सुमी जापान की सबसे बुजुर्ग जीवित बची थी।
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इटूका को विश्व की सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति की मान्यता दी थी। उल्लेखनीय है कि जापान में औसत जीवन अवधि 2020 में महिलाओं के लिए 87.71 वर्ष थी जबकि पुरुषों के लिए 81.56 वर्ष थी।








