Kohramlive : लोकतंत्र के मंच पर बांग्लादेश ने एक नया अध्याय लिख दिया। जनादेश की गूंज के बीच मंगलवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। माहौल उत्साह, उम्मीद और नई राजनीतिक करवट का गवाह बना। यहां याद दिला दें कि BNP को 297 में से 209 सीटों पर ऐतिहासिक जीत मिली। जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिली। संसदीय दल ने सर्वसम्मति से तारिक रहमान को नेता चुना। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग चुनाव मैदान से बाहर रही।
शपथ समारोह में दक्षिण एशिया समेत कई देशों के बड़े नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को वैश्विक अहमियत दे दी। समारोह में भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे, पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल, नेपाल के विदेश मंत्री बाला नंदा शर्मा, मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील, श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा एवं यूके, इंडो-पैसिफिक अवर सचिव सीमा मल्होत्रा मौजूद रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमात-ए-इस्लामी के शफीकुर रहमान को संसद में विपक्ष का नेता चुना गया है, जबकि नेशनल सिटिजन्स पार्टी की नाहिद इस्लाम विपक्ष की चीफ व्हिप होंगी।
किसे मिला कौन सा मंत्रालय?
नई सरकार के साथ ही मंत्रिमंडल की भी तस्वीर साफ हो गई।
- मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर – स्थानीय सरकार व ग्रामीण विकास
- सलाहुद्दीन अहमद – गृह मंत्रालय
- अमीर खसरू महमूद चौधरी – वित्त व योजना
- मेजर (रि.) हाफिज उद्दीन अहमद – मुक्ति युद्ध मामले
- इकबाल हसन महमूद तुकू – बिजली, ऊर्जा व खनिज
- AZM ज़ाहिद हुसैन – महिला व बाल, सामाजिक कल्याण
- खलीलुर रहमान – विदेश मंत्रालय
- अब्दुल अवल मिंटू – पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन
- मिजानुर रहमान मीनू – भूमि मंत्रालय
- निताई रॉय चौधरी – सांस्कृतिक मामले
- मोहम्मद असदुज्जमां – कानून, न्याय व संसदीय मामले
- काज़ी शाह मोफ़ज्जल हुसैन कैकोबाद – धार्मिक मामले
- अरिफुल हक चौधरी – श्रम, रोज़गार व प्रवासी कल्याण
- खानदेकर अब्दुल मुक्तदिर – वाणिज्य, उद्योग, कपड़ा व जूट
- ज़ाहिर उद्दीन स्वपन – सूचना व प्रसारण
- शाहिद उद्दीन चौधरी एनी – जल संसाधन
- एहसानुल हक मिलन – शिक्षा व प्राथमिक शिक्षा
- अमीन उर राशिद – कृषि, मत्स्य, पशुधन व खाद्य
- अफरोजा खानम – नागरिक उड्डयन व पर्यटन
- असदुल हबीब दुलु – आपदा प्रबंधन व राहत
- ज़कारिया ताहिर – आवास व सार्वजनिक निर्माण
- दीपेन दीवान – चटगांव पहाड़ी क्षेत्र मामले
- सरदार एमडी सखावत हुसैन बकुल – स्वास्थ्य व परिवार नियोजन
- फकीर महबूब अनम – डाक, दूरसंचार, विज्ञान व प्रौद्योगिकी
- शेख रबीउल आलम – सड़क परिवहन, पुल, रेलवे व शिपिंग





