UP : यूपी के हमीरपुर के मुस्करा कस्बे में एक पत्नी ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक पत्नी अनिता ने अपने पति अरविंद की गर्दन एक धारदार हथियार से काट डाली। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि घर के हर कोने में खून के निशान थे, जो इस कृत्य की भयावहता को बयान कर रहे थे। इस जघन्य हत्या के बाद पूरे गांव में एक ही सवाल था—”आखिर एक पत्नी ने अपने पति को इतना बेरहमी से क्यों मारा?” शुरू में पत्नी हत्या को लेकर झूठी कहानी गढ़ती रही। उसने पुलिस और मीडिया को बताया कि वह और उसका पति घर में मौजूद थे। तभी अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर किसी धारदार हथियार से उसके पति की हत्या कर दी और बीच बचाव में वह घायल हो गई।
शंका होने पर पुलिस ने पत्नी अनिता को अपनी कस्टडी में ले लिया। वह पुलिस के सामने टूट गई। अनिता अपना जुर्म कबूल करते हुये बताया कि वह अपने पति की शराब की लत से तंग आ चुकी थी। कई बार उसने अपने पति से इस लत को छोड़ने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। वारदात के दिन भी पति शराब पीकर घर आया और उससे झगड़ा करने लगा। गुस्से में आकर उसने हथियार उठाया और अपने पति की गर्दन काट दी। वह अपनी शादीशुदा जिंदगी के दुखों से तंग आ चुकी थी। अनिता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसने अपने बेटे राजेश को फोन किया और कहा कि उसके पिता की तबीयत खराब है और उसे डॉक्टर के पास लेकर चलने के लिये कहा। जब बेटा घर पहुंचा, तो उसे एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। पिता का शव बेड पर पड़ा हुआ था और मां के हाथों में खून लगा था। शुरुआत में तो अनिता ने बेटे को गुमराह कर कुछ नहीं बताया। बाद में सारा राज खुल गया। शराब की लत के चलते एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से बर्बाद हो गया।












