Ranchi : राजधानी के भीड़-भाड़ वाले इलाके में घर में घुस कर जेवर निर्माता सह अरविंद ज्वेलर्स के मालिक राजेश पाल को गोली मार दी गई। गोली उनके सिर में मारी गई। रिम्स से उन्हें मेडिका ले जाया गया जहां कुछ घंटे के इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। दिन-दहाड़े यह दुस्साहसिक वारदात ने सबको अंदर से हिलाकर रख दिया। अलग-अलग दो बाइक पर आये छह अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद जनाक्रोश उबाल पर आ गया। घटना के विरोध में कल राजधानी के सभी जेवर दुकान को बंद रखने का ऐलान किया गया है। सोना-चांदी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष रवि कुमार सिंह ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि राजधानी में अपराधी बेखौफ औऱ बेलगाम हो गये हैं। यह दुखद और चिंता की बात है। आज की वारदात ने जेवर व्यवसायियों को अंदर से हिलाकर रख दिया। अगर 48 घंटे के अंदर हत्यारे नहीं पकड़े गये तो राजधानी में अनिश्चितकालीन के लिए जेवर की दुकानें बंद कर दी जायेगी। इस वारदात पर रांची के सांसद और विधायक ने भी दुख जताया है।
जहां वारदात हुई वह जगह राजधानी के हृदयस्थल माने जाने वाले मेन रोड से सटे ओसीसी कम्पाउंड में है। इस रोड में बांग्ला स्कूल भी है। वारदात के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ जख्मी राजेश पाल को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। फिर वहां से मेडिका ले जाया गया। इस वारदात की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास से जुटे लोगों का बस एक ही कहना था कि राजधानी में अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं। जब चाहा, जो चाहा, जहां चाहा… कर डाला। बीते 30 मई को रातू रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जमीन कारोबारी कमल भूषण को बीच रोड पर दिन-दहाड़े भून दिया गया था। लोगों का कहना था कि बड़ा तालाब के पास अक्सर गलत लोगों का अड्डाबाजी होते रहता है। नशे के सौदागर भी खुलेआम अपना धंधा करते रहते हैं।
इधर, वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही थी। अबतक यह स्पष्ट हो पाया है कि आखिर जेवर निर्माता राजेश पाल को गोली क्यों मारी गई। कुछ लोगों का कहना है कि लूटपाट के इरादे से आये अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने जैसे ही राजेश पाल को गोली मारी, वहीं मौजूद उनके पिता ने अपराधियों को ललकारना शुरू कर दिया औऱ उनके साथ भिड़ गये। इस दरम्यान एक अवैध हथियार मौके पर ही गिर गया। मोहल्ले के कई लोग घटना स्थल पर जुट गये। अपराधियों को तुरंत खोज निकलने की डिमांड करने लगे। पुलिस को खरी-खोटी भी सुननी पड़ी। पुलिस को खूब कोसा गया। कुछ माह पहले सीएम के काफिला पर हमला कर चर्चित हुए चेहरा भैरव सिंह ने कहा कि राजधानी में इस तरह की वारदात यह दर्शाती है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर भय नहीं रहा। रांची पुलिस के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद बेखौफ अपराधी जहां-तहां अपराध को अंजाम देते रहते हैं।
इसे भी पढ़ें : CDS की नियुक्ति में रक्षा मंत्रालय ने नियम बदले, इस रैंक के अधिकारी जा सकते हैं इस पद पर
इसे भी पढ़ें : RSS के छह कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी, यहां पढ़ें धमकी भरा मैसेज












