Delhi : Air India की Phuket-Delhi फ्लाइट AI2379 के मामले में अब जांच की कई परतें खुल रही हैं। बीते 4 अगस्त को हुई इस घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA ने निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को Air India के आउटगोइंग CEO कैंपबेल विल्सन ने मंत्रालय और DGCA के आला अधिकारियों से मुलाकात कर जांच की स्थिति पर अपडेट दिया। आगे की जानकारी देने के सवाल पर CEO कहा कि इस बारे में फैसला नागरिक उड्डयन मंत्री पर निर्भर है। इसी बीच सबसे बड़ा अपडेट यह है कि पायलट-इन-कमांड का कन्फर्मेटरी ड्रग टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। रिपोर्टों के मुताबिक टेस्ट में मारिजुआना की पुष्टि हुई है।
पहले स्क्रीनिंग में आया था संकेत, अब कन्फर्मेटरी टेस्ट भी पॉजिटिव
घटना के बाद दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था। पायलट-इन-कमांड की शुरुआती स्क्रीनिंग में ऐसा परिणाम आया, जिसके बाद सैंपल को विस्तृत जांच के लिये निर्धारित लैब भेजा गया। अब रिपोर्टों के मुताबिक कन्फर्मेटरी लैब टेस्ट में मारिजुआना (गांजा)की पुष्टि हुई है। इस घटनाक्रम ने विमानन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। मंत्रालय की समीक्षा सिर्फ AI2379 तक सीमित नहीं है। Air India से जुड़े व्यापक सुरक्षा और संचालन संबंधी मुद्दों पर भी नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि बीते 4 अगस्त को Airbus A320 विमान AI2379 Phuket से दिल्ली आ रहा था। विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान अचानक विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट कम हो गई। इसके बाद विमान को स्थिर किया गया और वह सुरक्षित दिल्ली पहुंचा। घटना को शुरुआत में एयरलाइन की ओर से थोड़े समय के टर्बुलेंस से जोड़कर देखा गया था। लेकिन बाद में DGCA ने इसे गंभीर घटना की श्रेणी में रखा और जांच Aircraft Accident Investigation Bureau यानी AAIB को सौंप दी।















