Ranchi : जिस जगह की मिट्टी देश की आजादी के लिये अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की शहादत की गवाह रही है, आज वही स्थल अपनी बदहाली पर खामोश सवाल खड़ा कर रहा है। रांची से सटे ओरमांझी प्रखंड की चुटूपालू घाटी स्थित शहीद स्थल, जहां महान स्वतंत्रता सेनानी टिकैत उमराव सिंह और शहीद शेख भिखारी की वीरता और बलिदान को याद किया जाता है, इन दिनों रखरखाव के अभाव में बदहाल होता जा रहा है। हर साल 8 जनवरी को शहादत दिवस के मौके पर यह स्थल नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी से गुलजार नजर आता है, लेकिन इसके बाद पूरे साल इसकी सुध लेने वाला कोई दिखाई नहीं देता। वर्ष 2022 में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से इस शहीद स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई थी। उम्मीद थी कि यह स्थान इतिहास, संस्कृति और पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा। लेकिन नियमित देखरेख नहीं होने के कारण अब यह स्थल धीरे-धीरे बदहाली की ओर बढ़ रहा है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और बड़ी-बड़ी झाड़ियों ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। शहीद स्थल परिसर में लगाये गये बिजली के कई खंभे चोरी हो चुके हैं। वहीं, कई स्थानों से सोलर लाइट भी गायब हैं। इसके कारण रात के समय पूरा परिसर अंधेरे में डूब जाता है। परिसर में बनाये गये महिला और पुरुष शौचालय का हाल भी बहुत खराब है। शौचालयों से दरवाजे, बिजली के तार और कई जरूरी सामान तक गायब हो चुके हैं। इससे यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। जिस परिसर को खूबसूरत बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए थे, वहां अब टाइल्स उखड़ने लगे हैं। मुख्य गेट और सीढ़ियों पर लगी एल्युमिनियम रेलिंग को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। कई जगहों पर यह रेलिंग टूटकर कबाड़ जैसी नजर आ रही है। रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित चुटूपालू घाटी का यह शहीद स्थल ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिहाज से भी खास है। सुने क्या बोले, स्थानीय लोग…
इस रोज सजता है चुटूपालू घाटी का शहीद स्थल, बाकी रोज… देखें वीडियो#RanchiNews #Ormanjhi #ChutupaluValley #ShaheedSthal pic.twitter.com/tBIItzLUC5
— KohramLive (@KohramLive) July 28, 2026






