रांची पहाड़ी मंदिर में पहले सोमवार पर विशेष अलर्ट…

Date:

spot_img

Ranchi : भोलेनाथ की भक्ति के पावन महीने सावन की शुरुआत के साथ ही राजधानी रांची का प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजने के लिये तैयार है। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुये जिला प्रशासन और पहाड़ी मंदिर विकास समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षित दर्शन, सुगम जलाभिषेक, भीड़ नियंत्रण, पेयजल और साफ-सफाई को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ रहा है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के संस्थापक दयाशंकर शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुये प्रशासन और समिति की ओर से व्यापक इंतजाम किये गये हैं।उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल और भीड़ प्रबंधन की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु बिना परेशानी बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें।

अर्घ सिस्टम से होगा जलाभिषेक

इस बार श्रद्धालुओं के लिये जल चढ़ाने की व्यवस्था को और व्यवस्थित किया गया है। मंदिर के पुजारी के अनुसार, नीचे स्थित शिव मंदिर और पहाड़ी पर स्थित मुख्य मंदिर, दोनों जगह अर्घ सिस्टम के माध्यम से भक्त भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित कर सकेंगे। इस व्यवस्था से जलाभिषेक सुचारू रहेगा और भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। मंदिर में प्रवेश से निकास तक खास व्यवस्था बनाई गई है। सावन के रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मुख्य द्वार के बगल वाले मार्ग से श्रद्धालुओं को प्रवेश कराया जायेगा। सीढ़ियों के रास्ते भक्त सीधे मुख्य मंदिर तक पहुंच सकेंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिये अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं। आपात स्थिति के लिए अलग निकास मार्ग तैयार किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि भक्तों को कम से कम समय में सुरक्षित दर्शन मिल सके।

पानी, रोशनी और सफाई की विशेष तैयारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में करीब 1000 प्लास्टिक कलश भी उपलब्ध कराये जायेंगे। वहीं, सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर दी गई है। टैंकर के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा। सफाई के लिये विशेष टीम तैनात रहेगी, जो लगातार निगरानी करेगी। सावन में सुबह 4.30 बजे मंदिर का पट खुलेगा। सावन महीने में पहाड़ी मंदिर में दर्शन का समय भी निर्धारित किया गया है। सुबह 4.30 बजे मंदिर का पट खुलेगा। दोपहर 1 बजे तक दर्शन होंगे। दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक फिर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। शाम 7.30 बजे संध्या आरती होगी। सावन के सभी रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये दिन में मंदिर का पट बंद नहीं किया जायेगा।

60 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किये गये हैं। पूरे मंदिर परिसर की निगरानी करीब 60 CCTV कैमरों से की जायेगी। इसके अलावा नेटवर्क समस्या से निपटने के लिये वॉकी-टॉकी की व्यवस्था भी रहेगी। प्रत्येक सोमवार को करीब 400 पुलिसकर्मी, दंडाधिकारी और प्रशासनिक कर्मी मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में तैनात रहेंगे। प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और सुरक्षा निर्देशों का सहयोग करें। आस्था के इस महापर्व में व्यवस्था और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिले, इसके लिए प्रशासन और समिति पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुकी है। अब इंतजार है सावन की उस सुबह का, जब पहाड़ी मंदिर में फिर गूंजेगा, हर हर महादेव।

spot_img
spot_img
spot_img

Related articles:

पूरे सावन रांची में बंटेगा गंगाजल, टैंकर रवाना… देखें वीडियो

Ranchi(Akhilesh) : आस्था जब संवेदना से जुड़ती है तो...

Paytm Payments Bank पर लगा ताला, हाईकोर्ट के आदेश पर बंद…

Kohramlive : Paytm Payments Bank Limited (PPBL) के भविष्य...

रांची की सड़कों की बदलेगी तस्वीर, नगर निगम ने शुरू किया रोड ग्रेडिंग सिस्टम…

Ranchi: राजधानी रांची की सड़क व्यवस्था को अब नये...

पेपर लीक माफिया पर बड़ा वार, अब 90 दिनों में होगा फैसला…

Bihar : बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक...