Dumka : श्रावणी आस्था के पावन माहौल के बीच झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार मंगलवार को सपरिवार बाबा बासुकिनाथ के दरबार पहुंचे। उन्होंने प्रसिद्ध बासुकिनाथ मंदिर में भगवान फौजदारीनाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर परिसर में पहुंचने पर पुरोहितों की टीम ने विधि-विधान के साथ पूजा का संकल्प कराया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच षोडशोपचार विधि से बाबा भोलेनाथ का पूजन संपन्न हुआ। मुख्य सचिव ने शिवलिंग पर दूध से अभिषेक किया और श्रद्धा भाव से बेलपत्र अर्पित किये।इस दौरान पुरोहित कुंदन पत्रलेख और उनके सहयोगी पंडितों ने मंत्रोच्चारण के बीच भगवान भोलेनाथ का पंचामृत स्नान कराया। पूजा में दूध, दही, घी, गुड़, भांग, गन्ने का रस और गंगाजल का उपयोग किया गया। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के भाव से सराबोर नजर आया। पुरोहितों के वैदिक मंत्र और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्य सचिव ने बाबा फौजदारीनाथ का आशीर्वाद लिया। बासुकिनाथ धाम झारखंड के प्रमुख शिव तीर्थों में शामिल है, जहां सावन के दौरान देशभर से श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।




