Khunti : खूंटी से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों सभी को हैरान कर दिया है। यहां जिस व्यक्ति को मृत मानकर परिवार ने पूरे रीति-रिवाज के साथ दफना दिया था, वह कुछ दिनों बाद अचानक जिंदा घर लौट आया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरा मामला मारंगहादा थाना क्षेत्र के पतरा टोली गांव का है। गांव निवासी विश्राम मुंडा 10 मई को डडगामा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे। इसके बाद वह अचानक लापता हो गये। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
नाली में मिला शव, परिवार ने कर ली पहचान
इसी बीच 11 मई को खूंटी थाना क्षेत्र में एक नाली से पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया। पहचान के लिए जब परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस बुलाया गया, तो उन्होंने शव को विश्राम मुंडा का बताकर पहचान कर ली। बताया जा रहा है कि शव की कद-काठी और चेहरा विश्राम मुंडा से काफी मिलता-जुलता था। ऐसे में परिवार और ग्रामीणों को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गांव में सामाजिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया और शव को दफना दिया गया।
फिर अचानक जिंदा लौट आया ‘मृत’ व्यक्ति
घटना में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब दफनाने के कुछ दिन बाद विश्राम मुंडा अचानक खूंटी में अपनी बेटी के किराये के घर पहुंच गए। उन्हें सामने देखकर परिवार के लोग दंग रह गये। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। गांव में लोग हैरानी से बस एक ही सवाल पूछते नजर आये—“अगर विश्राम जिंदा हैं, तो आखिर दफनाया किसे गया?” विश्राम मुंडा ने परिजनों को बताया कि वह बिना किसी को सूचना दिये रामगढ़ चले गये थे। इस वजह से परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पाया और बाद में गलतफहमी में शव की पहचान कर ली गई।
ग्रामसभा में मांगी गई माफी
घटना के बाद गांव में ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई। पंचायत मुखिया प्रेम टूटी ने ग्रामीणों की ओर से इस भूल के लिए माफी मांगी। उधर, पुलिस अब उस अज्ञात शव की असली पहचान पता लगाने में जुट गई है, जिसका अंतिम संस्कार विश्राम मुंडा समझकर कर दिया गया था।


इसे भी पढ़ें : IRCTC शुरू करेगा नेपाल दर्शन यात्रा का विशेष पैकेज, क्या-क्या शामिल… जानें
इसे भी पढ़ें : पत्नी-सास-ससुर और बच्चे को जिंदा जलाने की कोशिश, आरोपी फरार…
इसे भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा कल्पना सोरेन का ये संदेश… देखें
इसे भी पढ़ें : दवा दुकानों की हड़ताल, यहां मिल रही हैं जरूरी दवाइयां…
इसे भी पढ़ें : रांची में महिला पर चा’कू से ह’मला, नाबालिग समेत ये 3 धराये… जानें






