Patna : पटना सिटी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी और खौफनाक रूप ले लिया। इल्जाम है कि एक दामाद ने अपनी पत्नी, मासूम बच्चे, सास और ससुर पर किसी ज्वलनशील पदार्थ से हमला कर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह सनसनीखेज वारदात राजा बाबू खाटू श्याम गली स्थित एक मकान में बुधवार सुबह हुई। अचानक घर से उठती आग की लपटें और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर का मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा। चार लोग आग की चपेट में बुरी तरह झुलस चुके थे।
बंद कमरे में बिखरा सामान बता रहा था संघर्ष की कहानी
घटनास्थल की हालत देखकर साफ लग रहा था कि वारदात से पहले घर के अंदर काफी विवाद और हाथापाई हुई थी। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और एक बैग भी मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से तैयारी करके आया था। मकान मालिक गोविंद अग्रवाल ने बताया कि इस अगलगी में उनके पिता पुरुषोत्तम अग्रवाल, मां नीलम देवी, पत्नी मुन्नी देवी और एक छोटा बच्चा गंभीर रूप से झुलस गये हैं। सुबह करीब साढ़े दस बजे इलाके के लोगों ने घर से धुआं और आग निकलते देखा। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन गली बेहद संकरी होने की वजह से राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कत आई। दमकल की बड़ी गाड़ियां वहां तक नहीं पहुंच सकीं।इसके बावजूद स्थानीय युवाओं और पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुये पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक चारों के शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस चुका है और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उन्हें ICU में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी के एसडीपीओ-2 गौरव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में परिवार की ओर से दामाद पर आग लगाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने जले हुये अवशेष और अन्य नमूने जुटाये हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
इसे भी पढ़ें : ‘मुर्दा’ समझकर जिसे दफनाया, वह लौटा घर, सभी दंग…
इसे भी पढ़ें : IRCTC शुरू करेगा नेपाल दर्शन यात्रा का विशेष पैकेज, क्या-क्या शामिल… जानें
इसे भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा कल्पना सोरेन का ये संदेश… देखें
इसे भी पढ़ें : दवा दुकानों की हड़ताल, यहां मिल रही हैं जरूरी दवाइयां…
इसे भी पढ़ें : रांची में महिला पर चा’कू से ह’मला, नाबालिग समेत ये 3 धराये… जानें






