Kohramlive : राजस्थान के जोधपुर में खुशियों से सजा एक घर… ढोल-नगाड़ों की जगह सन्नाटा… और दुल्हन बनने का सपना देखने वाली दो बहनों की जिंदगी अचानक थम गई। मामला पुलिस कमिश्नरेट के सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव का है। दीप सिंह की बेटियां शोभा और विमला की उसी दिन शादी थी। घर में बारात आने की तैयारी थी, लेकिन सुबह होते-होते मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएच मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। SDPO पश्चिम रोशन मीणा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। प्रारंभिक जांच में परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। दोनों बहनें निजी स्कूल में शिक्षक थीं और परिवार में शादी को लेकर उत्सव का माहौल था। शुक्रवार देर रात घर में बंदोली का कार्यक्रम हुआ था। रात करीब 12 बजे दोनों अपने कमरे में सोने चली गईं। सुबह करीब 4 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामा जसवंत सिंह के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे छोटी बहन का फोन आया और घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुबह 6 बजे पुलिस टीम मणाई गांव पहुंची, जहां परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में था। मामा जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार के अंदरूनी दबाव के कारण पहले तय रिश्ता बदला गया था। उनका कहना है कि शादी भीनमाल से तोड़कर पोकरण के जेमला गांव में तय की गई थी और इस पूरे मामले में कुछ पारिवारिक दबाव की भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।












