Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के मझिआंव की धरती पर लंबे समय से नदियों का सीना छलनी कर रहे बालू माफियाओं को तीखी चोट लगी। गढ़वा के सदर SDO संजय कुमार ने बांकी और कोयल नदी के संगम सहित कई संदिग्ध इलाकों का औचक निरीक्षण कर 25 लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दे दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद SDO संजय कुमार पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार के साथ सीधे मैदान में उतर आये। जैसे ही प्रशासनिक काफिला नदी संगम पर पहुंचा, अवैध बालू उठाव और परिवहन की पोल खुल गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की कार्रवाई की जद में आये लोगों के नाम अवधेश यादव, मुकेश यादव, उदय यादव, वीरेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, संजू यादव, अनुज उर्फ पप्पू यादव, विकास यादव, पिंटू यादव, मुखन यादव, कमलेश यादव, विजेंद्र पासवान, सत्येंद्र पासवान, विमलेश यादव, बबलू मेहता, जितेंद्र मेहता, बबलू दुबे, अजीत दुबे, धनंजय सोनी, गौरव दुबे, सोनू दुबे, राजू यादव, श्रीराम मेहता, हरिराम मेहता और विपिन यादव बताये गये।
निरीक्षण के बाद SDO संजय कुमार ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि “यह सिर्फ बालू चोरी नहीं, बल्कि कानून और शांति व्यवस्था को खुली चुनौती है। रात के अंधेरे में सिंडिकेट बनाकर बालू ढोने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा। सड़क पर दौड़ते अवैध ट्रैक्टर चालक अब सीधे जेल जायेंगे।” SDO ने साफ किया कि इस रैकेट की व्यक्तिगत निगरानी की जा रही है। पुलिस और खनन विभाग को लगातार चौकसी के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने यह भी चेताया कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल पाया गया तो उस पर कठोर विभागीय कार्रवाई तय है।ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे बिना डर गोपनीय सूचना प्रशासन तक पहुंचायें।




