Bihar : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार सुबह अररिया में बड़ी कार्रवाई की। जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी उनके शिवपुरी स्थित आवास से हुई। जानकारी के मुताबिक, बनगामा निवासी व्यवसायी मो. कमरे आलम ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी। इल्जाम था कि 17 लाख रुपये की मशीन उपलब्ध कराने के एवज में GM ने 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद निगरानी टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। मामला सही पाये जाने पर जाल बिछाया गया। शनिवार सुबह जैसे ही अनिल कुमार मंडल ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें दबोच लिया। कार्रवाई की पुष्टि निगरानी DSP सतीश चंद्र माधव ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया। 50 हजार की रिश्वत और 17 लाख की मशीन का मामला सामने आने के बाद जिला उद्योग विभाग से लेकर प्रशासनिक महकमे तक हड़कंप मचा हुआ है।















