Delhi : बाहरी दिल्ली के नरेला में शनिवार सुबह तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सड़क किनारे मौजूद 70 साल की उर्मिला वाहनों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा करीब सुबह 8 बजे मामुरपुर के हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर पीछे की ओर जाकर पास खड़े तीन पहिया लोडिंग वाहन से जा टकराई। वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने मर्सिडीज चला रहे शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में उसके नशे में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी।
हरियाणा पुलिस के दरोगा का बेटा है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शुभम के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे के वक्त शुभम तेज रफ्तार में कार चला रहा था और नशे में था। पुलिस को मर्सिडीज के कप होल्डर में शराब की बोतल भी दिखाई दी। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि मर्सिडीज आरोपी के दोस्त की थी, जिसे उसने एक दिन पहले यात्रा के लिए उधार लिया था। गिरफ्तारी के बाद शुभम की मेडिकल जांच कराई गई है। पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर साफ होगा कि हादसे के वक्त आरोपी नशे में था या नहीं। पुलिस ने मामले में लापरवाही से मौत समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।















