UP : उत्तर प्रदेश के खुर्जा में चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है। पत्नी का स्वयं सहायता समूह का करीब एक लाख रुपये का कर्ज नहीं चुका पाने पर युवक ने अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली। आरोपी ने घर की दीवार में कूमल लगाया और नकदी व चांदी की पायल लेकर फरार हो गया। मामला अरनिया थाना क्षेत्र के सूरतपुर खुर्द गांव का है। 4 अगस्त की रात छत्रपाल सिंह ईंट-भट्ठे पर चौकीदारी करने गये थे। घर में उनकी पत्नी और बहू मौजूद थीं। इसी दौरान किसी ने दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखी नकदी व गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। चोरी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि छत्रपाल के बेटे शिवम उर्फ कान्हा ने ही की थी।
लोन माफी की गलत जानकारी ने पहुंचाया जेल
पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसकी पत्नी पर स्वयं सहायता समूह का करीब एक लाख रुपये का कर्ज था। परिवार उसे चुका नहीं पा रहा था। इसी दौरान किसी ने उसे बताया कि अगर घर में चोरी हो जाये तो लोन माफ हो जाता है। इसी गलतफहमी में शिवम ने अपने ही घर को निशाना बनाने की योजना बनाई। उसने दीवार तोड़ी और घर में रखी नकदी व चांदी की पायल चोरी कर ली। अरनिया थाना पुलिस और SWAT टीम ने जांच के बाद शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी परिवार के किसी अन्य सदस्य को नहीं थी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर जेल भेज दिया गया है।















