Palamu : पलामू में स्वास्थ्य विभाग में बहाली के नाम पर फर्जीवाड़ा और अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने अभ्यर्थियों के सपनों को निशाना बनाते हुये फर्जी नियुक्ति पत्र थमाये और सिविल सर्जन के नाम पर पैसे मांगे। मामला खुलते ही पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने मेदिनीनगर टाउन थाना में FIR दर्ज कराई। दरअसल, कुछ महीने पहले पलामू में ANM, GNM, फार्मासिस्ट समेत कई पदों पर अनुबंध आधारित बहाली की प्रक्रिया पूरी की गई थी। चयन प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से खत्म हो चुकी थी, नियुक्ति से जुड़ी सभी औपचारिकतायें भी पूरी कर ली गई थीं। इसी बीच, बहाली की इसी प्रक्रिया को बहाना बनाकर असामाजिक तत्व मैदान में उतर आये। ठग व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिये अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहे थे। खुद को स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बताकर पैसे की मांग की जा रही थी। कई युवाओं को स्वास्थ्य विभाग के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे गये, जिससे वे भ्रम में आ गये।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा बहाली पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुई है। न पैसा लिया गया, न देने का कोई प्रावधान है। उनके नाम और पद का दुरुपयोग कर ठगी की जा रही थी, इसलिये तत्काल थाना में शिकायत दी गई। मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस का कहना है कि सिविल सर्जन के आवेदन पर FIR दर्ज कर ली गई है।जिस मोबाइल नंबर से फर्जी नियुक्ति पत्र और पैसों की मांग की जा रही थी, उसकी तकनीकी जांच चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है, किसी भी कॉल, मैसेज या नियुक्ति पत्र पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।






