New Delhi : ईद की खुशियों में जब हुनर और हौसले का रंग घुल जाये, तो जश्न कुछ और ही खूबसूरत हो जाता है। जाकिर नगर, नई दिल्ली में बीइंग हैप्पी फाउंडेशन की ओर से आयोजित Eid Miladunnabi कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही खुशनुमा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में उन बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये, जिन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से मेहंदी और सिलाई का प्रशिक्षण हासिल किया है। प्रमाण-पत्र हाथ में आते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी खिल उठी। किसी के लिये यह कागज का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि अपने हुनर पर पहली मुहर थी।
हुनर को मिला सम्मान, बच्चों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. हुमा खान एवं औसाफ ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये। सम्मान पाकर बच्चे बेहद खुश और उत्साहित नजर आये। उनके चेहरे की मुस्कान बता रही थी कि छोटे-छोटे प्रयास किस तरह बड़े सपनों की नींव रखते हैं। प्रमाण-पत्र पाने वालों में नाजिया खान, खुशबू, शाहीन, मुनज्जम, यासमीन, मुस्कान खान और मुस्कान शामिल रहे। बीइंग हैप्पी फाउंडेशन का प्रयास सिर्फ प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है। संस्था बच्चों और महिलाओं को शिक्षा, हुनर और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मेहंदी और सिलाई जैसे व्यावहारिक कौशल आगे चलकर बच्चों और महिलाओं के लिये रोजगार और स्वरोजगार का रास्ता खोल सकते हैं। यही वजह है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सम्मान समारोह से जोड़ना बच्चों के हौसले को और मजबूत करता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद फहीम, मोहम्मद बिलाल, दानियाल और समद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोक सेवा समिति और बीइंग हैप्पी फाउंडेशन की ओर से सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई।







