Ranchi : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर के सुभाष चौक के समीप रहने वाली खुशी कुमारी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार ने युवती के प्रेमी राजेश कुमार पर गंभीर इल्जाम लगाये हैं। परिजनों का कहना है कि प्रेमी और उसके साथ आये युवकों ने घटना से एक रात पहले घर में हंगामा किया था। इसके अगले दिन खुशी ने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बातचीत की और उसके बाद यह कदम उठाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार के मुताबिक खुशी कुमारी छह बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता अशोक राम का निधन हो चुका है। परिवार की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी को किसी अन्य व्यक्ति ने गोद लिया है और वह फिलहाल बाहर रहती है। खुशी अपनी मां आशा देवी और बड़ी बहन के साथ कोकर सुभाष चौक के पास स्थित घर में रह रही थी। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। खुशी की मां आशा देवी इडली की दुकान लगाकर परिवार का खर्च चलाती हैं। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह भी वह अपनी बड़ी बेटी के साथ दुकान जाने की तैयारी में थीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात करीब 11 बजे खुशी का प्रेमी राजेश कुमार अपने तीन साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। राजेश के कोकर के आदर्श नगर में रहने की बात कही गयी है। परिवार का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद युवकों ने वहां हंगामा किया। इस दौरान घर में तोड़फोड़ किये जाने की बात भी परिजनों ने कही है। काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण रहने के बाद राजेश और उसके साथी वहां से चले गये। परिवार के अनुसार, रात की इस घटना के बाद गुरुवार सुबह तक ऐसी किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।
मां के साथ दुकान चली गयी बड़ी बहन
गुरुवार सुबह आशा देवी अपनी बड़ी बेटी के साथ इडली की दुकान लगाने के लिये घर से निकल गयीं। खुशी उस समय घर में ही थी। कुछ देर बाद जब बड़ी बहन दुकान नहीं पहुंची, तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। आसपास जानकारी लेने के बाद जब घर जाकर देखा गया, तो खुशी फंदे से लटकी मिली। इसके बाद घर में तहलका मच गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिये अस्पताल ले गये, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को बताया गया कि मौत से पहले खुशी ने अपने प्रेमी राजेश के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत की थी, परिवार का आरोप है कि इसी वीडियो कॉल के दौरान खुशी ने फांसी लगा ली। खुशी की मौत के बाद परिवार ने राजेश कुमार को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि राजेश के साथ हुये विवाद और उसके व्यवहार के कारण खुशी मानसिक रूप से परेशान थी। मौके पर पहुंची सदर पुलिस पूरे मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है।








