Hazaribagh : एक मां और उसकी छह साल की मासूम बेटी अचानक घर से निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं। घंटे बीते तो चिंता बढ़ी, दिन बीता तो परिवार की बेचैनी और गहरी हो गई। हर संभावित जगह तलाश ली गई, लेकिन मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार हजारीबाग की उरीमारी पुलिस की तत्परता रंग लाई और तीन दिन की तलाश के बाद महिला और उसकी मासूम बेटी को सही-सलामत खोज निकाला। दोनों के वापस लौटते ही परिवार में फिर खुशियां लौट आईं।
17 अगस्त को घर से निकली थीं मां-बेटी
उरीमारी ओपी क्षेत्र के चानो गांव में रहनेवाली सुनीता देवी अपनी छह साल की बेटी निधि कुमारी के साथ 17 अगस्त को घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों घर नहीं लौटीं तो परिजन परेशान हो गये। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 19 अगस्त को उरीमारी पुलिस को लिखित सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छानबीन के साथ तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर खोजबीन तेज कर दी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली। 20 अगस्त को मांडू थाना क्षेत्र के आरा काटा से सुनीता देवी और उनकी छह साल की बेटी निधि कुमारी को मांडू थाना क्षेत्र से खोज निकाला गया। इसके बाद दोनों को उनके परिजनों को सही-सलामत सौंप दिया गया।








