Delhi : सुबह की चाय अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि धरती कांप उठी। दिल्ली-NCR के आसमान में कोई चेतावनी नहीं थी, लेकिन जमीन ने अपनी हलचल से सबको चौंका दिया। सुबह 9:04 बजे, भूकंप के तेज झटके महसूस होते ही लोग घरों, दफ्तरों और ऊंची इमारतों से घबराकर बाहर भागते नजर आये। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, मेरठ, बागपत हर ओर एक ही सवाल था “भूकंप आया क्या?” हरियाणा के झज्जर को इसका केंद्र बताया गया है। झटके चंद सेकंड के थे, मगर डर का असर गहरा था। हालांकि, कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है ये राहत की बात रही। प्रशासन चौकस है, आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं।
दिल्ली को वैसे भी भूकंप के सबसे खतरनाक जोन में गिना जाता है और आज की सुबह ने उस डर को फिर से जिंदा कर दिया। यहां याद दिला दें कि, एक दिन पहले ही, देश के पूर्वोत्तर राज्य असम में 4.1 तीव्रता के झटके आये थे। कार्बी आंगलोंग जिले में धरती ने 25 किलोमीटर गहराई में हलचल दिखाई थी।










