Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय में आज भटके हुये लोगों को मुख्यधारा में लौटाने की कोशिशों को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास पर समीक्षा को लेकर हुई हाई लेवल मीटिंग की अध्यक्षता DGP तदाशा मिश्र ने की। उन्होंने सभी पुलिस कप्तानों को निर्देश दिया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले, पुनर्वास नीति का सही क्रियान्वयन हो एवं उनकी व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान किया जाये। सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में DGP ने कहा कि स्पीडी ट्रायल पर जोर दें। वहीं, लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर दिया। DGP ने निर्देश दिया कि हर जिले में नोडल अधिकारी बनाये जाये। पुलिस अवर निरीक्षक या उससे ऊपर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाये। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निगरानी और सहायता का दायित्व इनपर हो। DGP तदाशा मिश्र ने कहा कि एक्टिव नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिये प्रेरित किया जाये। जंगल से समाज की ओर लौटे। पुनर्वास योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। बैठक में CID के ADG सहित कई अन्य आला पुलिस अधिकारी मौजूद थे।















