Ranchi: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रतिक्रिया दी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर बल प्रयोग को गलत बताया। राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिये करने की अपील की है।राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल गलत है। उन्होंने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और समस्या का समाधान बातचीत से ही निकल सकता है। राहुल गांधी ने राज्य सरकार से अपील की कि वह प्रदर्शनकारी छात्रों की बात सुने और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करे। यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने झारखंड के छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले भी उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से फोन पर बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना था और उनकी मांगों के प्रति समर्थन जताया था। अब विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर उनकी ताजा टिप्पणी ने आंदोलन को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।















