Bihar : 10 अगस्त यानी बिहार पेंशन दिवस पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के बैंक खातों में भेजी गई। सरकार की ओर से DBT के जरिए 1100 रुपये की मासिक पेंशन राशि ट्रांसफर की गई है। सरकार ने पेंशन भुगतान को अब एक तय तारीख से जोड़ दिया है। हर महीने की 10 तारीख को पेंशन दिवस के रूप में राशि जारी करने की व्यवस्था की गई है। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित DBT कार्यक्रम के माध्यम से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेंशन राशि हस्तांतरित की। सरकार के मुताबिक, इस सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से बड़ी संख्या में बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभार्थी जुड़े हुये हैं। बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वालों के लिये सबसे बड़ा बदलाव पेंशन की रकम में हुआ है। पहले लाभार्थियों को हर महीने 400 रुपये मिलते थे, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। 60 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के लिये यह राशि रोजमर्रा की जरूरतों में मदद का एक अहम जरिया है। दवा से लेकर राशन तक, कई परिवारों के लिये महीने की यह रकम छोटी जरूर है, लेकिन जरूरत के समय बड़ा सहारा बन जाती है। बिहार में बढ़ी हुई पेंशन राशि कई सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत दी जा रही है। इनमें मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना शामिल हैं।
खाते में पैसा आया या नहीं? ऐसे करें चेक
अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य पेंशन का लाभार्थी है तो सबसे पहले अपना बैंक खाता चेक करें। पैसा आया या नहीं, जानने के आसान तरीके ये हैं कि मोबाइल का SMS देखें। बैंक खाते से मोबाइल नंबर जुड़ा है तो राशि जमा होने पर बैंक का मैसेज आ सकता है। नजदीकी ATM पर जाकर खाते में जमा राशि की जानकारी ली जा सकती है। नजदीकी बैंक शाखा अथवा ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) से भी खाते का बैलेंस पता किया जा सकता है। समाज कल्याण विभाग, बिहार के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से लाभार्थी अपनी DBT स्थिति की जानकारी ले सकते हैं।
पेंशन रुक गई है तो सबसे पहले आधार लिंकिंग जांचें
कई बार पेंशन की राशि खाते में नहीं पहुंचने की वजह बैंक खाते का आधार से लिंक न होना या जरूरी सत्यापन पूरा नहीं होना हो सकता है। ऐसे लाभार्थी अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग/लिंकिंग की स्थिति जरूर जांचें। अगर आधार लिंक नहीं है तो बैंक में जाकर इसे जल्द पूरा कराने की सलाह दी गई है। जरूरी सत्यापन पूरा होने के बाद पेंशन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। अगर आपकी उम्र 60 साल या उससे अधिक है और आप पात्र होने के बावजूद अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं ले रहे हैं, तो योजना के लिये आवेदन करने की जानकारी जरूर लें। सरकार का मकसद यही है कि कोई पात्र बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग आर्थिक सहायता से वंचित न रहे।















