UP : प्रयागराज के दरियाबाद इलाके में पार्क की जमीन से जुड़े करीब 20 साल पुराने विवाद ने एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलचल बढ़ा दी है। मामले में समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान का नाम सामने आने के बाद अब शासन स्तर से जांच के निर्देश दिये गये हैं। CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मामले की जांच के लिये SIT का गठन किया गया है। करीब दो दशक पुराना यह मामला अब फाइलों से निकलकर फिर जांच की मेज पर पहुंच गया है। SIT अब पुराने दस्तावेजों से लेकर जमीन के रिकॉर्ड और कथित कब्जे से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल करेगी। दरियाबाद में पार्क की जमीन को लेकर लंबे समय से शिकायतें और विवाद सामने आने की बात कही जा रही है। इल्जाम है कि पार्क के लिये दर्ज जमीन पर कथित तौर पर कब्जे को लेकर अलग-अलग स्तर पर शिकायतें की गईं, लेकिन मामला पूरी तरह सुलझ नहीं सका। अब शासन के निर्देश के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।















