रांची : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के मकचुंदटोली में दारोगा सुबोध लकड़ा को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। चुटिया थानेदार रवि ठाकुर के अनुसार दारोगा सुबोध लकड़ा ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दो अपराधी स्कूटी से आए। सुबोध उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, इस दौरान अपराधियों और दारोगा के बीच गुत्थमगुत्थी भी हुई। इसी दौरान अपराधी उन्हें गोली मारकर फरार हो गए। दारोगा के जांघ में गोली लगी है। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिका रेफर कर दिया गया।
सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि गोली लगने के बाद भी सब इंस्पेक्टर ने बहादुरी का परिचय दिया। गोली लगने के बाद भी दोनों अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। मगर अपराधी किसी तरह भागने में सफल रहे। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीम छापेमारी में जुटी है। घायल सब इंस्पेक्टर की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है।












