Kohramlive : सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कोई न कोई वीडियो लोगों को हैरान कर देता है। लेकिन इन दिनों वायरल हो रहा कोबरा पकड़ने का एक वीडियो देखकर लोगों के होश उड़ गये हैं। वीडियो में एक युवक बेहद खतरनाक अंदाज में एक जहरीले कोबरा को बड़े प्लास्टिक के डिब्बे की मदद से पकड़ता दिखाई दे रहा है। वीडियो पर लिखा है, ‘प्लास्टिक के जार से कोबरा पकड़ना।’ वीडियो में एक कोबरा दीवार के पास फन फैलाये नजर आता है। सांप पूरी तरह सतर्क है और लगातार आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। इसी दौरान एक युवक हाथ में बड़ा प्लास्टिक का डिब्बा लेकर उसके करीब पहुंचता है। वह बेहद धीरे-धीरे डिब्बे को कोबरा के सिर के पास ले जाता है और अचानक उसे सांप के ऊपर रख देता है। सांप का सिर डिब्बे के भीतर चला जाता है। इसके बाद युवक धीरे-धीरे उसके शरीर को भी डिब्बे के अंदर करने की कोशिश करता है। आखिर में वह डिब्बे को बंद कर देता है। वीडियो के अगले हिस्से में युवक को कोबरा को झाड़ियों के इलाके में छोड़ते हुये देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग हैं। कुछ लोगों ने युवक की हिम्मत की तारीफ की, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने इस तरीके को बेहद जोखिम भरा बताया। वन्यजीव विशेषज्ञों की सलाह है कि अगर घर या आसपास सांप दिखाई दे तो खुद उसे पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें।








