Dhanbad : मतदाता सूची केवल कागज का एक पन्ना नहीं, लोकतंत्र की बुनियाद है। इसी बुनियाद को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिये सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार धनबाद पहुंचे। उन्होंने कतरास, झरिया और बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की जमीनी हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन पदाधिकारियों, BLO सुपरवाइजर और BLO से कामकाज की जानकारी ली। वहीं, साफ कर दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील काम में खानापूर्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
लापरवाही मिली तो तय होगी जिम्मेदारी
के. रवि कुमार ने कहा कि प्रत्येक ERO, AERO, अतिरिक्त AERO, BLO और BLO सुपरवाइजर को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निभानी होगी। उन्होंने खास तौर पर चेताया कि जिन मतदान केंद्रों पर SIR कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाई जायेगी, वहां संबंधित BLO सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जायेगी। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि काम में किसी भी स्तर पर कोताही सामने आने पर गंभीरता से कार्रवाई की जाये। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने SIR के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुये कहा कि कोशिश यह होनी चाहिये कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम सूची में शामिल न हो। इसके लिये हर मतदान केंद्र पर मतदाता सूची और उपलब्ध दस्तावेजों की गंभीरता से जांच करने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया गया।
BLO घर-घर पहुंचें, मतदाताओं की मदद करें
CEO के. रवि कुमार ने BLO और BLO सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाये रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि एक ही परिवार और घर के मतदाताओं को संभव हो तो एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध किया जाये। वहीं, पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिये फॉर्म-6 और घोषणापत्र भरने के लिये प्रेरित करने को कहा गया। वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी मतदाता के नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में गलती हो तो उससे फॉर्म-8 जरूर भरवाने का निर्देश दिया गया।








