Bihar : भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा अब और मजबूत होगी। सीमा पर तैनात SSB और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के साथ 24 घंटे सघन गश्त की जायेगी। इसके लिये सीमा क्षेत्र के 194 SSB BOP और 70 स्थानीय पुलिस थानों के बीच तालमेल बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को समीक्षा बैठक में सीमा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सीमा सुरक्षा की समीक्षा में सबसे ज्यादा जोर नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने पर रहा। मुख्य सचिव ने पुलिस और उत्पाद विभाग को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करने तथा NDPS कानून का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा। आंकड़ों के मुताबिक अबतक सीमा पर 20,625 किलो गांजा, 61.85 किलो चरस और 1,98,656 नशीली गोलियां समेत अन्य मादक पदार्थ जब्त किये जा चुके हैं। वहीं, अब तक 1,023 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। बैठक में साइबर और वित्तीय अपराध पर भी खास चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने फर्जी आधार, सिमबॉक्स फ्रॉड और शेल कंपनियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिये आर्थिक अपराध इकाई और जिला पुलिस को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। फर्जी दस्तावेजों और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। अब तक फर्जी आधार के 40, सिमबॉक्स फ्रॉड के 2 और साइबर अपराध के 423 मामले दर्ज किये गये हैं। समीक्षा बैठक में नकली नोटों पर रोक लगाने की व्यवस्था को भी मजबूत करने का फैसला लिया गया। सभी बैंक शाखाओं, खासकर सहकारी बैंकों में फेक नोट डिटेक्शन मशीनों की शत-प्रतिशत कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर अब 24 घंटे पहरा, 70 थानों के बीच बेहतर तालमेल का आदेश…
Date:








