Ranchi : झारखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग की सक्रियता बढ़ गई है। सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों के नजरी नक्शा और जियो-फेंसिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुये कई जरूरी निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी मतदाता को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय न करनी पड़े। साथ ही, एक भी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक नहीं होनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों के विखंडन के दौरान यह ध्यान रखा जाये कि एक ही परिवार या टोले के लोगों को अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाये। उन्होंने सभी जिलों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य से जुड़े पदों की रिक्तियां शीघ्र भर ली जायें। ERO, AERO, BLO सुपरवाइजर और BLO की नियुक्ति जल्द से जल्द पूरी की जाये। विशेष रूप से BLO का चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाये कि वह स्वयं उसी मतदान केंद्र क्षेत्र का मतदाता हो।
रवि कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग के तीन मुख्य अर्हताओं का भी जिक्र किया मतदाता को भारत का नागरिक होना चाहिए, उसकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिये और वह देश के किसी भी हिस्से में सामान्य निवासी होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अवैध व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।










