Garhwa(Nityanand Dubey) : सिर पर तपती दोपहर की धूप और आंखों में नवजातों के सुनहरे कल का सपना लिये गढ़वा की सड़कों पर एक खास रथ निकला। ये ‘राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा 2025’ का जागरूकता रथ था, जिसे DC शेखर जमुआर ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 8 से 22 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान का मकसद है बच्चों में कुपोषण को मात देना, मांओं को जागरूक करना और हर आंगनबाड़ी को पोषण का केंद्र बनाना। रथ न सिर्फ संदेश लेकर चलेगा, बल्कि पहले 1000 दिन की अहमियत, CMAM-SAMMER के जरिए कुपोषण प्रबंधन, और बच्चों में बढ़ते मोटापे पर रोक जैसे विषयों पर लोगों को सिखायेगा कि सेहत ही असली संपत्ति है।
हर गांव, हर आंगनबाड़ी में हलचल होगी, जहां पोषण ट्रैकर से डेटा अपडेट होगा, आधार ऑथेंटिकेशन से पात्रता तय होगी और ‘वृद्धि निगरानी सप्ताह’ के जरिये बच्चों की सेहत पर खास नजर रखी जायेगी। उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा और अन्य अधिकारी इस मौके पर मौजूद रहे।












