Bokaro (Parmeshwar Mandal) : महिलाओं के गले से दिन दहाड़े चेन उड़ा लेने वाले स्नैचरों को बोकारो की चास पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार उचक्कों में 22 साल का हिरालाल सोनार उर्फ लालटु, 21 साल का शहादत अंसारी उर्फ कोकवा और 40 साल का बादल चंद्र सोनार शामिल है। किसी भी महिला के गले से बेखटके चेन झपट लेना इनकी फितरत। बोकारो के चास इलाके में इनका आतंक। गुजरे 27 जुलाई की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली राणा प्रताप कालोनी की रहने वाली मुन्नी देवी को इन उच्चकों ने अपना शिकार बनाया। भोर के लगभग साढ़े 6 बजे मु्न्नी देवी के गले से चेन झपट बाइक पर सवार हो कर भाग निकले। वारदात की प्राथमिकी चास थाना में दर्ज कराई गई।
सूचना बोकारो जिला के पुलिस कप्तान चंदन झा तक पहुंची। उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। चास सदर एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह की देखरेख में टीम बनाई गई। चास थानेदार मोहम्मद रुस्तम की लीडरशिप में टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और हिरालाल सोनार एवं शहादत अंसारी को धर दबोचा। दोनों पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों टूट गये और अपना जुर्म कबूल कर लिया। हिरालाल की निशानदेही पर पुलिस ने सेक्टर 6 के चिन्मया स्कूल के सामने से लूटा हुआ एक चेन बरामद किया। वहीं कोकवा के पास से छिनतई में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली। पुलिस को दिये अपने बयान में दोनों ने बताया कि चोरी का सोना बादल चंद्र सोनार को बेच दिया करता था। बादल पिंड्राजोड़ा थाना इलाके के चितामी में रहता है। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। चेन छिनतई करनेवाले इस गिरोह को दबोचने में चास थानेदार इंस्पेक्टर मो. रुस्तम, पिंड्राजोड़ा थानेदार अंकित पांडेय, एसआई अशोक सिंह, सुबोध दास, राजकमल, रानिश इकबाल, एएसआई अनिल सिंह, रंजन मिश्रा, लाल बाबू रजक, राजेंद्र प्रसाद, सिपाही विजय सिंह, प्रदीप घोषाल और अरविंद कुमार की सराहनीय भुमिका रही। सुनें क्या बोले चास थानेदार मोहम्मद रुस्तम…
इसे भी पढ़ें : याराना हुआ लहूलुहान, देखें क्या बोले SP
इसे भी पढ़ें : पत्थर कारोबारी मुंगेरी यादव रांची एयरपोर्ट से गिरफ्तार












