Ranchi : झारखंड में JPSC, JSSC, CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों की CBI जांच की मांग को लेकर छात्रों द्वारा किये जा रहे आंदोलन का केंद्रीय सरना समिति ने समर्थन किया। समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा के नेतृत्व में पदाधिकारी झारखंड विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल हुये। छात्रों की ओर से जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलन किया जा रहा था। केंद्रीय सरना समिति ने छात्रों की मांगों के समर्थन में विधानसभा घेराव में भाग लिया और सरकार से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुये कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से JPSC और JSSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग की। समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिये और भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरना समिति छात्रों के मुद्दों के समर्थन में आगे भी आवाज उठाती रहेगी। समिति ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े भर्ती परीक्षाओं के मामलों में निष्पक्ष जांच और पारदर्शी प्रक्रिया जरूरी है। संगठन ने सरकार से छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी मांगों का समाधान निकालने की अपील की। कार्यक्रम में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, प्रधान महासचिव अशोक मुंडा, सचिव अमर मुंडा, आशीष मुंडा, मुकेश मुंडा, आदित्य मुंडा, प्रदीप मुंडा, उदय उरांव, मनीष बेदिया, रोमित मुंडा, रोहन मुंडा, पिंकू साहू, आकाश मुंडा, संजय, मुन्ना सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।















