Hazaribagh (Sunil Sahu) : जब मांझी ही नाव डुबोए तो उसे कौन बचाये। व्यापारी सुनील गुप्ता पुलिस कस्टडी में मौत के आगोश में समा गए। सबसे हैरत की बात यह है कि पुलिस ने सुनील के परिवार को बताया कि वह थाना से भाग गया है। उसे खोज कर लाओ। नहीं लाने पर उनके बेटे को पुलिस उठा कर थाना ले गयी। जब सच्चाई सामने आई और लोगों का गुस्सा उबलने लगा तब पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन-फानन में एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं हजारीबाग के सदर डीएसपी महेश प्रजापति ने कबूल किया कि व्यापारी सुनील को उठाकर थाना लाया गया था। एक कांड के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए उन्हें लाया गया था। थाना में ही कुछ मामला हुआ। इसके बाद अस्पताल में सुनील की मौत हो गयी। मारे गए सुनील, हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र के कानी बाजार के रहने वाले थे।
पुलिस कस्टडी में सुनील गुप्ता की मौत की फैली खबर के बाद लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। व्यापारियों और अन्य लोगों ने जहां-तहां रोड जाम कर दिया। टायर जलाकर रोड पर अपने गुस्से का इजहार किया। दोषी पुलिस को दंडित करने की मांग कर रहे थे। स्थानीय विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि रायपुर से गाड़ी की चोरी हुई थी। सुनील की इसमें क्या भूमिका उन्हें कुछ पता नहीं। पर पुलिस व्यापारी सुनील को उठाकर अपने साथ ले गयी। सिम्पल बात है… पुलिस ने उन्हें मार दिया। वहीं, विधायक अम्बा प्रसाद ने कहा- जान चली गयी, या ले ली गयी। इस बात का खुलासा जरूर होगा। पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच होगी। पुलिस की कार्रवाई कई सवाल छोड़ गयी।
वहीं मारे गए सुनील के बेटे ने कहा कि कल रात मां ने फोन कर बताया कि कुछ पुलिस वाले आए हैं, पापा को उठाकर ले जा रहे है। 10 मिनट बाद ही फिर पुलिस का फोन आया कि तेरे पापा थाना से भाग गए। अब तुम थाना चलो और उन्हें खोज कर लाओ। बेटे का इल्जाम है कि उसे घंटों थाने में ही बैठाकर रखा गया। जब उसके कुछ साथी थाना आए और पुलिस से पूछने लगे। तब एक पुलिस ने कहा कि जाओ तेरे पापा सदर हॉस्पिटल में हैं, भेंट कर लो। एक्स-रे से पता चला कि उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गयी थी। उनकी हालत बहुत सिरियस थी। तब उन्हें आरोग्य अस्पताल ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आंदोलित कुछ व्यापारियों ने कहा कि सदर पुलिस का जालिम चेहरा सामने आया है। कांड कहां हुआ, क्या हुआ। इस बारे में किसी को कुछ पता नहीं, पर एक व्यापारी की जान ले ली गयी। विधायक और स्थानीय लोगों के दवाब पर सुनील की हत्या को लेकर सदर थाने में मर्डर केस दर्ज किया गया है। सुनें क्या बोले मारे गए सुनील के बेटे, पत्नी, विधायक और सदर डीएसपी…
इसे भी पढ़ें : सौतेली मां और भाई-बहनों का ख्याल रखते थे पापा, सलटा दिया… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : बहुत अफसोस होगा इस खूबसूरत बच्चे के पिता को गोली मा*रने में, ऐसा क्यों बोले थानेदार… सुनें















