Ranchi: कहते हैं, घर की चाबी जिसे सौंपी जाती है, उसे परिवार का हिस्सा माना जाता है। लेकिन राजधानी रांची में भरोसे की यही चाबी एक बड़े विश्वासघात की कहानी बन गई। लालपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के घर से लाखों रुपये के गहने, जेवरात और नकदी चोरी होने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में महिला के मौसेरे देवर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पटना गई थीं बहू, लौटीं तो उड़ चुके थे गहने
हरिभावीनी अपार्टमेंट, लालपुर निवासी वीणा विभा कुमारी बीते 22 मई को अपने ससुराल पटना गई थीं। जाने से पहले उन्होंने घर की चाबी अपने मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को सौंप दी थी। बीते 31 मई को जब वह वापस रांची लौटीं तो घर की अलमारी खुली मिली। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके बाद लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
CCTV से मिला सुराग
रांची पुलिस कप्तान के निर्देश पर एक स्पेशल टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरों की पड़ताल की तो पता चला कि कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस को जल्द ही शक घर के ही भरोसेमंद व्यक्ति पर गया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के बाद सामने आया कि हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष ने अपने दोस्तों और गर्ल फ्रेंड महिला मित्र के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने आयुष को उठा लिया। पूछताछ में वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलमारी से गहने और नकदी चुराई थी। चोरी के गहनों को बेचकर महिंद्रा XUV-500 खरीद ली गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये चोरी के जेवर बरामद कर लिये और खरीदारी में इस्तेमाल की गई XUV-500 भी जब्त कर ली।
सोनार भी धरा गया
इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष, सिद्धांत सुमन, धनंजय कुमार वर्मा उर्फ धनंजय सोनी (सोनार) और गर्ल फ्रेंड लाईबा याश्मीन उर्फ निधि धान शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के जेवरों को ठिकाने लगाने में सोनार की भूमिका भी रही। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी के जेवर, प्लेटिनम और डायमंड की अंगूठियां, मंगलसूत्र, टॉप्स, नकदी राशि, महिंद्रा XUV-500 और कई मोबाइल फोन बरामद किये हैं। बरामद सामानों में लगभग 5.40 लाख रुपये नकद, लग्जरी वाहन, एप्पल और अन्य कंपनियों के मोबाइल फोन समेत कई कीमती वस्तुएं शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में मासूम भाई-बहन की नृ’शंस ह’त्या का संदेही गुनहगार ये राज खोल गया… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : ममता बनर्जी को बड़ा झटका, ऋतब्रत बनर्जी होंगे नेता प्रतिपक्ष
इसे भी पढ़ें : सौरव गांगुली की सुरक्षा घटी, Z से Y कैटेगरी में हुये शिफ्ट
इसे भी पढ़ें : कर्नाटक के नये CM की हुई ताजपोशी…
इसे भी पढ़ें : मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले…






