Palamu : अंधविश्वास ने पलामू में एक और परिवार उजाड़ दिया। जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला में एक चाचा ने अपनी ही भतीजे की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार थी। कुछ दिन पहले उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद प्रभु अंधविश्वास में डूब गया। उसे शक था कि उसके छोटे भाई की पत्नी और भतीजे की पत्नी ने उसे कुछ ‘कर’ दिया है। इसी भ्रम में वह लगातार झाड़-फूंक करवा रहा था।
बुधवार देर रात इसी बात को लेकर प्रभु रजवार की अपने भतीजे चनका रजवार से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि प्रभु ने घर में रखी टांगी उठाई और भतीजे पर ताबड़तोड़ वार कर दिये। गंभीर चोट लगने से चनका की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थानेदार संतोष कुमार गिरि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








