UP : गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावर पहले से मौके पर मौजूद थे। जैसे ही चौहान वहां पहुंचे, उनके सिर में गोली मारी गई और फिर चाकुओं से सीने पर ताबड़तोड़ वार किये गये। खून से लथपथ हालत में भी वह करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए दौड़े, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। कुछ ही दूरी पर उन्हें दोबारा घेर लिया गया और तब तक वार किये गये, जब तक उनकी सांसें थम नहीं गईं। हैरानी की बात ये रही कि हत्यारे मौके पर ही कुछ देर तक रुके रहे, जैसे मौत की पुष्टि कर रहे हों और फिर बेखौफ फरार हो गये। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्हें तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हैं और हमलावरों की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और साजिश के एंगल पर भी काम किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : चुपचाप घर में घुसे, निकले तो जमीन में गाड़ दिया… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : झारखंड में एक साथ कई पुलिस इंस्पेक्टर का ट्रांसफर… देखें पूरी लिस्ट






