Kolkata : कोलकाता के मेचुआपट्टी इलाके में बीती रात करीब 8:15 बजे ऋतुराज होटल में भीषण आग लग गई, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, और लोग खिड़कियों और संकरी दीवारों से भागने की कोशिश करते हुये चोटिल हो गये। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन भीड़-भाड़ वाले इलाके में गाड़ियों को पहुंचने में काफी मशक्कत झेलनी पड़ी।
कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। बचाव अभियान जारी है, और एक विशेष टीम जांच के लिए गठित की गई है। राज्य भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए अग्नि सुरक्षा उपायों की सख्त निगरानी की अपील की है।














